जबलपुर। शहर में स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) के गिग वर्कर्स ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। बीटी तिराहा, सिविल लाइन और विजयनगर स्थित तीनों पॉड के डिलीवरी पार्टनर्स ने कंपनी की नीतियों के खिलाफ विरोध जताते हुए काम बंद कर दिया है।
Swiggy प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी पार्टनर्स का आरोप है कि बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के बावजूद कंपनी ने प्रति डिलीवरी मिलने वाली राशि में कटौती कर दी है। उनका कहना है कि इससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है और रोजमर्रा के खर्च निकालना मुश्किल होता जा रहा है।
Swiggy डिलीवरी पार्टनर्स राकेश कुमार और आकाश राय ने बताया कि पहले 5 से 6 किलोमीटर की डिलीवरी पर उन्हें ₹55 से ₹65 तक का भुगतान मिलता था, लेकिन अब यह राशि घटकर ₹40 से ₹50 के बीच रह गई है। वहीं, ईंधन पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे उनकी कमाई और भी प्रभावित हो रही है।
Swiggy गिग वर्कर्स का यह भी आरोप है कि कंपनी द्वारा दिए जाने वाले सर्च इंसेंटिव में कमी की गई है। इसके अलावा पर्याप्त ऑर्डर नहीं मिलने, टारगेट पूरे नहीं होने और बिना स्पष्ट कारण बताए आईडी ब्लॉक किए जाने जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
Swiggy प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें फील्ड मैनेजर को हटाने, पहले की भुगतान दरों को बहाल करने और डिलीवरी की दूरी के अनुसार उचित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख है।
हड़ताली श्रमिकों के अनुसार, शहर के तीनों पॉड में करीब 180 से 350 गिग वर्कर्स कार्यरत हैं। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे।
गिग वर्कर्स के इस आंदोलन का असर शहर में स्विगी इंस्टामार्ट की डिलीवरी सेवाओं पर पड़ सकता है। फिलहाल कंपनी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
