इंदौर में नगर निगम के कर्मचारी ने बेटी का गला रेता और भाई को चाकू मारा

Sadar Bazar Indore :- सदर बाजार Sadar Bazar Indore थाना क्षेत्र में नगर निगम के कर्मचारी ने शुक्रवार रात शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। उसने पत्नी से मारपीट की और छह साल की मासूम का गला रेत दिया। बीचबचाव करने आए भाई पर भी चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपित पर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित का नाम नितिन पुत्र प्रेमलाल मेवाते निवासी मल्हार आश्रम है। उसके विरुद्ध भाई राहुल मेवाते ने ही प्राणघातक हमला करने का मामला दर्ज करवाया है। राहुल ने पुलिस को बताया कि नितिन नगर निगम में नौकरी करता है।

शुक्रवार रात वह शराब के नशे में घर आया और पत्नी प्रियंका से विवाद करने लगा। नितिन पत्नी पर बगैर कारण शंका करता है। उसने प्रियंका के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। छह वर्षीय बेटी प्रेक्षा पर भी मटन काटने के बका से गले पर वार कर दिया। राहुल बीचबचाव करने दौड़ा तो नितिन ने उसके हाथ और पैर पर चाकू से वार कर दिए। देर रात प्रेक्षा को गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने नितिन के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

व्यवसायी को दुकान पर बुलाकर हमला बोला

आजाद नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दूध व्यवसायी नवीन जगदीश जोशी पर आरोपित दीपक प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति, राजेंद्र पाटीदार आदि ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक नवीन की जेल रोड पर दूध की दुकान है। उसकी मां कमला जोशी के नाम पर मूसाखेड़ी में एक मकान है जिसका दीपक से सौदा हुआ था।

रात को आरोपित ने रुपये देने के बहाने साइकिल की दुकान पर बुलाया और एकमत होकर हमला कर दिया। इसी तरह रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित मोती तबेला में आरोपित विजय उर्फ विज्जू, बंटी उर्फ संतोष और रामनारायण जायसवाल ने , परिवादी रोहित के पुत्र दिलीप गवली पर पानी के झगडे में घातक जानलेवा हमला कर दिया।