Pilibhit :- Pilibhit पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव ईटगांव में 4 दिन पूर्व शराबी युवक की उसकी विधवा भाभी व भतीजियों द्वारा पीटकर की गई हत्या की विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। बिलसंडा थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी ईटगांव से महज 200 मीटर की दूरी पर यह घटना हुई। जहां पर सुनीता देवी पति सोनपाल की मौत के बाद से अपनी बेटियों के साथ रहती है। सुनीता देवी के साथ ही उसका देवर श्री पाल भी रहता था।
शराबी प्रवृत्ति का होने की वजह से वह आए दिन घर में भाभी एवं भतीजियों से झगड़ा करता था। जिससे तंग आकर रविवार की रात पीट कर उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था । लेकिन मृतक के भाई करन की ओर से तहरीर घटना के 2 दिन बाद मंगलवार की शाम को दी गई। करन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी भाभी के पूर्व प्रधान के पुत्र विक्की एवं शिवम से नाजायज संबंध थे। जिसका विरोध उसका भाई श्रीपाल करता था।
रविवार की शाम को भी इन्हीं अवैध संबंधों को लेकर घर में झगड़ा हुआ था। जिस पर भाभी सुनीता देवी एवं भतीजी मधु व पुष्पा ने मिलकर डंडो से पीट कर अधमरा कर दिया। आरोप है कि लहूलुहान हालत में उसे घर के बाहर डाल दिया। हालत नाजुक होने के बावजूद उसे उपचार नहींं मिल पाया । अधिक रक्तस्राव होने की वजह से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल विडियो के आधार पर मृतक के भाई करन की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार की देर रात अभियोग पंजीकृत कर लिया। जिसमें मृतक की भाभी सुनीता देवी, भतीजी मधु एवं पुष्पा को नामजद किया गया। पुलिस ने पांचों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
