महंगाई की बढ़ती मार, पेट्रोल 117 रुपये के पार, डीजल ने भी लगाया शतक

Oil companies :- तेल कंपनियां उपभोक्‍ताओं को फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दाम में किसी तरह की राहत देने के मूड में नहीं हैं। उल्‍टा बीते एक पखवाड़े से लगभग रोज ही Oil companies पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ाए रहे हैं। मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में एक बार फिर 80 पैसे से ज्‍यादा का इजाफा हो गया।

इसके चलते भोपाल में पेट्रोल के दाम 87 पैसे चढ़कर 117.25 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया। मंगलवार को डीजल ने भी शतक लगा दिया और पिछले दिन के मुकाबले इसके दाम 83 पैसे उछलकर 100.32 रुपये प्रति लीटर हो गए।

सुबह छह बजे से ये बढ़े हुए दाम प्रभावी हो गए। सोमवार को तेल कंपनियों द्वारा पेट्रोल व डीजल के दाम में 40 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।बीते 15 दिनों में यह तेरहवीं बार है, जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाए हैं।

वहीं इस एक पखवाड़े में दस बार पेट्रोल-डीजल के भाव में 80 पैसे से ज्‍यादा की वृद्धि हुई है। तेल कंपनियों द्वारा की जा रही लगातार मूल्‍यवृद्धि के चलते पंद्रह दिन में पेट्रोल करीब 10 रुपये और डीजल साढ़े नौ रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है।

इससे पहले तकरीबन साढ़े चार महीने तक पेट्रोल-डीजल के दाम स्‍थिर रहे थे। पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद से ही पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार आग लगी है। इससे उपभोक्‍ताओं का घरेलू बजट बिगड़ गया है।

दो हफ्ते पहले रसोई गैस के दाम भी 50 रुपये बढ़ा दिए गए थे। इससे भोपाल में रसोई गैस का एक सिलिंडर 955 रुपये में मिल रहा है। इसके साथ-साथ चार दिन पहले व्‍यावसायिक इस्‍तेमाल के गैस सिलिंडर के दाम में भी करीब 250 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई।

पेट्रोलियम पदार्थों के भाव में लगातार मूल्‍यवृद्धि के चलते बाजार में भी महंगाई बढ़ने लगी है। आटा, दाल, मसाले समेत तमाम चीजों के दाम 15-20 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। जानकारों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में बढ़ोतरी का यह सिलसिला जारी रह सकता है। तेल कंपनियां मूल्‍यवृद्धि करते हुए अपने घाटे की भरपाई करने में जुटी हैं। लेकिन लगातार बढ़ती महंगाई के बोझ से आम आदमी का बजट बिगड़ रहा है।