बिना इंटरनेट और ऐप के कॉलर का नाम कैसे दिखा रहा है CNAP? जानिए पूरी जानकारी

CNAP अब मोबाइल पर कॉल आने पर सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई दे रहा है, वो भी बिना इंटरनेट, ऐप या किसी सब्सक्रिप्शन के। यह सुविधा हाल ही में शुरू हुई CNAP (Calling Name Presentation) सर्विस की वजह से संभव हो पाई है। फिलहाल यह सुविधा 4G और 5G नेटवर्क पर उपलब्ध कराई जा रही है।

हालांकि यह फीचर जितना उपयोगी है, उतनी ही कुछ चुनौतियाँ भी इसके साथ जुड़ी हुई हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि CNAP क्या है और यह कैसे काम करता है।

CNAP क्या है?

TRAI के अनुसार, CNAP एक नेटवर्क-लेवल सिस्टम है, जो कॉल आने पर यूजर को उस मोबाइल नंबर से जुड़े आधिकारिक रजिस्टर्ड नाम की जानकारी देता है।
मतलब, जिस व्यक्ति के नाम पर सिम कार्ड रजिस्टर्ड है, वही नाम कॉल के साथ दिखाई देगा।

उदाहरण के लिए
अगर आपका मोबाइल नंबर आपके पिता या माता के नाम पर रजिस्टर्ड है, तो किसी को कॉल करने पर उसी नाम से पहचान दिखाई देगी।

CNAP के लिए क्या चाहिए?

  • इंटरनेट की जरूरत नहीं
  • कोई ऐप इंस्टॉल नहीं करना
  • कोई सब्सक्रिप्शन नहीं
  • पूरी तरह फ्री सर्विस
  • सभी मोबाइल यूजर्स के लिए उपलब्ध

अगर अभी आपके फोन में यह सुविधा नहीं दिख रही है, तो आने वाले दिनों में धीरे-धीरे सभी नेटवर्क पर एक्टिव हो जाएगी।

CNAP कैसे काम करता है?

CNAP सीधे टेलीकॉम नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम करता है।
हर टेलीकॉम कंपनी अपने यूजर्स का डेटा रखती है, जैसे:

  • मोबाइल नंबर
  • किसके नाम पर रजिस्टर्ड है
  • KYC से जुड़ी जानकारी

जब कोई कॉल करता है, तो नेटवर्क उसी रजिस्टर्ड नाम को रिसीवर के फोन पर दिखा देता है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि—

जिन लोगों के फोन में आपका नंबर सेव है, उन्हें वही नाम दिखेगा जो उन्होंने अपने फोन में सेव किया है, CNAP वाला नाम नहीं।

TrueCaller से अलग कैसे है CNAP ?

कई लोग CNAP को TrueCaller जैसा समझ रहे हैं, लेकिन दोनों में बड़ा अंतर है:

CNAPTrueCaller
नेटवर्क-लेवल सर्विसऐप-आधारित सर्विस
रजिस्टर्ड नाम दिखाता हैयूजर द्वारा सेव किया नाम
नाम एडिट नहीं हो सकतानाम बदला जा सकता है
स्पैम टैग नहीं दिखातास्पैम अलर्ट देता है

TrueCaller पर दिखने वाले नाम पूरी तरह भरोसेमंद नहीं होते, क्योंकि यूजर्स उन्हें एडिट कर सकते हैं। वहीं CNAP में नाम आधिकारिक होता है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि कॉल करने वाला वही व्यक्ति हो।

CNAP की सबसे बड़ी चुनौती

CNAP की सबसे बड़ी कमजोरी यही है कि यह नंबर के मालिक का नाम दिखाता है, न कि फोन इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का।

इसी वजह से:

  • कई बार कॉल आने पर अनजान नाम दिखाई देता है
  • लोगों को कॉल फ्रॉड या स्कैम जैसी लग सकती है
  • स्पैम कॉल की पहचान आसान नहीं हो पाती

पहले जहां सिर्फ नंबर दिखता था, अब नाम दिखने से भ्रम और बढ़ गया है।

क्या CNAP से स्कैम कॉल्स खत्म होंगी?

सीधा जवाब है – नहीं
CNAP सिर्फ पहचान बताता है, लेकिन यह यह तय नहीं करता कि कॉल स्पैम है या नहीं। इसलिए आने वाले समय में लोगों को इस फीचर की आदत डालनी होगी और अनजान कॉल्स पर सतर्क रहना होगा।