Jabalpur Crime मध्य प्रदेश के जबलपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर चिंता बढ़ा रहे हैं। आधारताल क्षेत्र में देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे एक बर्तन व्यापारी पर पांच से छह बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। तीन बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने पहले व्यापारी को रास्ते में घेरा और फिर उन पर चाकू से कई वार किए। व्यापारी को बचाने के लिए आगे आए कर्मचारी को भी आरोपियों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

Jabalpur Crime घायल व्यापारी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यापारी
Jabalpur Crime जानकारी के मुताबिक, आधारताल निवासी बर्तन व्यापारी आहत विशेष की जयप्रकाश नगर में दुकान है। धनतेरस और दीपावली के चलते इन दिनों दुकान पर ग्राहकों की भीड़ होने के कारण देर रात तक कारोबार चल रहा था।
घटना देर रात करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। व्यापारी दुकान बंद करने के बाद अपने कर्मचारी के साथ बाइक से घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार पांच से छह युवक वहां पहुंचे और उन्होंने व्यापारी की बाइक रोककर उन्हें घेर लिया।

‘यहां क्यों रुके हो’ पूछने पर हुआ विवाद
Jabalpur Crime बताया जा रहा है कि व्यापारी ने युवकों से पूछा कि वे वहां क्यों रुके हुए हैं। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि तभी एक युवक दौड़कर व्यापारी के पास पहुंचा और चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए।
व्यापारी को घायल देखकर कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन बदमाशों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद व्यापारी ने आरोपियों का मुकाबला करने की कोशिश की। हालांकि, वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी तीनों बाइकों से मौके से फरार हो गए।
पीठ, गर्दन और हाथ में आए चाकू के घाव
Jabalpur Crime हमले के बाद कर्मचारी ने तत्काल डायल 108 पर सूचना दी। इसके बाद आधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि व्यापारी की पीठ, गर्दन और हाथ में चाकू के घाव आए हैं। देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। त्योहार के दौरान हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Jabalpur Crime आधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल हमले के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
