Jabalpur Police जबलपुर में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस आरक्षक अनिल मरावी की मौत हो गई। वे बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी बरेला थाना क्षेत्र में बाईपास रोड पर कान्हा ढाबे के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। Jabalpur Police ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, आरक्षक अनिल मरावी सिविल लाइन थाने में पदस्थ थे। बुधवार शाम करीब 4 बजे वे बाइक से बरेला की ओर से सिविल लाइन थाने जा रहे थे। इसी दौरान कान्हा ढाबे के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि आरक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

पिकअप चालक की तलाश में जुटी Jabalpur Police
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक MP51G1387 को कब्जे में ले लिया है। वहीं, आरक्षक की बाइक का नंबर MP20NN2537 बताया गया है।

कान्हा ढाबे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद आरक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
