Secretary MSME :- राज्य शासन के सचिव एमएसएमई Secretary MSME एवं आयुक्त उद्योग पी नरहरी ने आज रविवार को लेमागार्डन स्थित जबलपुर गारमेंट क्लस्टर एंड फैशन डिजाइन क्लस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्लस्टर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कर उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली।
श्री नरहरी ने गारमेंट क्लस्टर में सुविधाओं के विकास की दिशा में अब तक हुये कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गारमेंट उद्योग में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। जबलपुर का गारमेंट उद्योग बहुत ही उन्नत है इसको राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता है।

Secretary MSME उद्योग आयुक्त श्री नरहरी ने क्लस्टर के संचालकों और सदस्यों से गारमेंट उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र विनीत रजक ने क्लस्टर की परियोजना एवं अब तक की प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी। क्लस्टर के प्रबंध संचालक दीपक जैन ने शेष कार्यों को पूर्ण करने में आने वाली कठिनाइयों के संबंध में अवगत कराया। श्री नरहरी ने क्लस्टर के सदस्यों को सिगल ब्रांड बनाने को कहा, जिससे उन्हें एक पहचान मिले।

उन्होंने कहा कि एक एप भी बनाया जाए उसके माध्यम से उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफार्म से जोड़ा जा सके। इसके लिए एमएसएमई विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। इस हेतु उन्होंने ओएनडीसी के साथ शीघ्र ही एक वर्चुअल वर्कशाप कराने कहा। शीघ्र ही क्लस्टर में दुबई एवं मलेशिया ले साथ बायर सेलर मीट की जाएगी। सदस्यों ने अवगत कराया कि फरवरी में एक ट्रेड फेयर लगाने का प्रस्ताव है जिस पर उद्योग आयुक्त ने सहयोग देने की सहमति दी है।
श्री नरहरि ने क्लस्टर में नेशनल इस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) संस्थान खोलने के लिए भी संबंधित विभाग से समन्वय करने की बात की। उन्होंने वर्तमान में क्लस्टर के कॉमन फेसिलिटी सेंटर भवन में संचालित एटीडीसी के सेंटर में संचालित कोर्स को अपडेट करने के लिए आवश्यक समन्वय करने के लिये महाप्रबंधक उद्योग को निर्देशित किया। श्री नरहरी ने मृगनयनी एंपोरियम के प्रबंधक को क्लस्टर के साथ जुड़कर कार्य करने को कहा।
