कांग्रेस प्रभारी जोशी ने संगठन को मजबूत करने मीठी गोली के साथ अनुशासन की थी सीख

Indore :- नगरीय निकाय चुनाव निपटने के बाद अब कांग्रेस ने 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है, विधानसभा की तैयारी के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रीय सचिव एवं कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे महेंद्र जोशी को Indore इन्दौर का प्रभारी नियुक्त किया है, उन्होंने आज Indore इन्दौर जिला कांग्रेस ग्रामीण के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में सह प्रभारी महेश परमार एवं सहप्रभारी जेम्स चाको भी उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने की। बैठक में प्रभारी श्री जोशी ने कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक को सुना। बैठक में मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं मौजूद थे।

प्रभारी महेंद्र जोशी ने की मीठी मीठी बातों के साथ अनेक प्रसंग भी सुनाए एवं कार्यकर्ता से लेकर नेताओं को भी अनुशासन का पाठ पढ़ाया।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए जो अच्छे कार्यकर्ता घर बैठे हैं उनके घर जाकर उन्हें संगठन से जोड़ने का काम हम करेंगे। जोशी ने कहा संगठन को मजबूत बनाना ही मेरा लक्ष्य है क्योंकि 2023 का मिशन सामने है और जो कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता काम करना चाहते हैं उन्हें आगे लाना हीं होगा, जो काम करके बताएंगे उनका सम्मान भी संगठन करेगा।

जो पदाधिकारी बनकर घर बैठ जाते हैं उन्हें आना होगा या नहीं आने का कारण भी बताना होगा, नहीं तो उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे और जरूरत पड़ी तो पद से भी हटाया जा सकता है। अब संगठन में काम करने वालों को ही महत्व दिया जाएगा।

श्री जोशी ने जिला अध्यक्ष सहित सभी मोर्चा संगठन के अध्यक्षों के निर्देशित किया कि ऐसे लोगों की सूची बनाकर मुझे दें, जो पद लेकर संगठन की जवाबदारी को समझ नहीं रहे हैं। जरूरत पड़ी तो मैं उनके घर जाऊंगा, उन्हें अब संगठन के लिए काम करने के लिए तैयार करुंगा, फिर भी वे निष्क्रियता दिखाएंगे तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखाने में देर नहीं करेंगे। प्रभारी महेन्द्र जोशी की पहली बैठक शहर कांग्रेस की थी।

आज जिला कांग्रेस की बैठक में भी उन्होंने स्पष्ट किया कि में कांग्रेस सेवादल जैसे अनुशासन प्रिय संगठन का 11 साल अध्यक्ष रहा हूं, इसलिए अनुशासन मेरे रग-रग में है। अनुशासन ही मेरी पहली प्राथमिकता है। बैठक में ही मीठी-मीठी बातों में सख्त निर्देश कार्यकर्ताओं को देते हुए श्री जोशी ने कहा कि अनर्गल सार्वजनिक बयान और सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ बयान देने वाले कांग्रेसियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मिशन-2023 की बात करते हुए प्रभारी श्री जोशी ने कहा कि भाजपा की प्रदेश व केन्द्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। हमें भाजपा उखाड़ फेंकने के लिए अभी से मैदान सम्हालना होगा।
जोशी ने इशारा किया कि एक माह में ब्लाक, मंडलम, में ब्लाक, मंडलम, सेक्टर, बूथ कमेटियां तैयार करना है।

प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने प्रत्येक जिले में संगठन प्रभारियों की नियुक्ति मिशन-2023 को फतेह करने के उद्देश्य से की है। मैं मानता हूं कि पूर्व में हमसे कुछ गलतियां हुई हैं। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। ये गलतियां हम दोहराएंगे नहीं। यह भी सत्य है कि आलोचनाओं से किसी का भला नहीं होता।

आपकी ओर से की जाने वाली आलोचनाओं से आपका संगठन कमजोर होता है। आपके भविष्य पर भी प्रश्न चिन्ह लगता है। प्रशंसा खुले मंचों और चौपालों से करो और शिकायत बंद कमरों में उचित व्यक्ति के समक्ष करो। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उस खराब मशीन की तरह होते हैं, जो आवाज खूब करती है पर परिणाम नहीं देती है। ऐसी ही खराब मशीनों को दुरुस्त करने मुझे Indore इंदौर का प्रभारी बनाकर आपके बीच भेजा गया है।

संगठन के प्रति पूरी निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ता निश्चित हो जाएं, उनके कार्यों का उचित मूल्यांकन होकर क्रमवार पदोन्नति की जाएगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने कहा कि हम कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की समस्या के लिए संघर्षरत रहते हैं, तथा कार्यकर्ताओं के दु:ख-सुख में सहभागिता निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।

महंगाई पर चर्चा करते हुए श्री यादव ने कहा की आज महंगाई चरम पर होकर आम आदमी की कमर तोड़ रही है लेकिन केन्द्र व प्रदेश की सरकार की जून तक नहीं रेंग रही है। पंचायत चुनावों की बात करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने कहा कि हाल ही में पंचायत चुनावों में जिला प्रशासन के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक ने भाजपा एजेंट के रुप में काम किया भाजपा नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दबाव डालकर, डराधमका कर ऐन-केन-प्रकारेण चुनाव जीता है।

विधायक विशाल पटेल ने सुझाव दिया कि जब भी संगठन की बैठक हो तो मंचों पर पदाधिकारियों को स्थान मिले, जनप्रतिनिधि या नेताओं को कार्यकर्ताओं के साथ बैठ कर कार्यकर्ताओं की बात सुने यह प्रयोग में अपनी देपालपुर विधानसभा से शुरू कर रहा हूं। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, अंतरसिंह दरबार, योगेश यादव, कैलाश दत्त पाण्डेय, मोतीसिंह पटेल आदि ने भी विचार रखे।