10 वीं व 12 वीं विद्यार्थियों के लिए राहत की सांस। यदि विद्यार्थी पहले से ज्यादा अंक लाते हैं तो वे ही माने जाएंगे और यदि विद्यार्थी अनुतीर्ण होता है तो उसकी पूर्व अंकसूची निरस्त कर दी जाएगी। कक्षा 10 वीं व 12 वीं का परिणाम सुधारने माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं – बारहवीं की परीक्षा आज से जबलपुर में भी शुरू हुई।
गौरतलब है कोरोना संक्रमण के कारण माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस बार दसवीं – बारहवीं की परीक्षा न लेकर विद्यार्थियों को जनरल प्रमोशन दे दिया था। लेकिन संभाग के 1 हजार 273 विद्यार्थी जनरल प्रमोशन के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। इन विद्यार्थियों ने फिर से परीक्षा देने का निर्णय लिया है। हालांकि इस परीक्षा में अगर कोई छात्र फेल होता है तो उसका पुराना परिणाम निरस्त कर दिया जाएगा।
बोर्ड की यह परीक्षा आज सोमवार से शुरू हुई है। संभाग से 490 छात्र दसवीं और 783 विद्यार्थी बारहवीं की परीक्षा में शामिल हैं। जनरल प्रमोशन के परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थियों के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने लिखित परीक्षा कराने का निर्णय लिया है।
आज से शुरू हुई परीक्षा के लिए पहले की तरह ही एक पेपर के लिए सुबह 9 से 12 बजे तक तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया। असंतुष्ट विद्यार्थियों में पूरे संभाग में सबसे ज्यादा संख्या जबलपुर जिले की है।
जबलपुर के 195 विद्यार्थी दसवीं में और 160 विद्यार्थी बारहवीं की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। आज शुरू इन परीक्षाओं के लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली थी। स्कूल शिक्षा विभाग ने इसके लिए एम एल बी और पंडित लज्जाशंकर झा माडल स्कूल को सेंटर बनाया है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पूर्व में ही यह स्पष्ट कर दिया है। कि इस परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का पुराना परिणाम निरस्त कर दिया जाएगा। यदि विद्यार्थी पहले से ज्यादा अंक लाते हैं तो वे ही माने जाएंगे और यदि विद्यार्थी अनुतीर्ण होता है तो उसकी पूर्व अंकसूची निरस्त कर दी जाएगी।
